अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रमदास इलाके में बीएसएफ के जवानों ने मंगलवार सुबह भारतीय सीमा में घुस रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। जवानों ने घुसपैठिए के शव के पास पड़ी एक आधुनिक शॉटगन भी बरामद की है। बीएसएफ ने पूरे इलाके को घेर कर सर्च अभियान भी चलाया। दोपहर बाद बीएसएफ अधिकारियों ने पाक रेंजर्स के साथ फ्लैग मीटिंग की और घुसपैठ की कोशिश पर विरोध जताया। वहीं, बीएसएफ अधिकारियों ने पहले बताया था कि घुसपैठ की दो घटनाएं हुई हैं लेकिन बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक ही घटना है।
बीएसएफ के आईजी आसिफ जलाल के मुताबिक भारत-पाक सीमा स्थित गांव दरिया मंसूर के निकट बीओपी छन्ना इलाका में मंगलवार तड़के उनके जवान पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान जवानों ने पाकिस्तान सीमा की तरफ से एक व्यक्ति को भारतीय सीमा में घुसते देखा। जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए उसने भारतीय जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में बीएसएफ ने भी फायरिंग की, जिसमें घुसपैठिया वहीं ढेर हो गया। सूचना मिलते ही अन्य खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और छानबीन की। घुसपैठिए के पास कोई दस्तावेज व अन्य पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है।
पिछले साल दो मार गिराए थे घुसपैठिए
साल 2022 में बीएसएफ ने पंजाब में 553 किलोमीटर लंबी भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो घुसपैठियों को मार गिराया था और 23 पाकिस्तानियों को पकड़ा था। बीएसएफ ने सोमवार को ही गुरदासपुर सेक्टर के कस्सोवाल इलाके में एक ड्रोन के साथ एक किलो हेरोइन बरामद की थी।