पंजाब के अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने 24 घंटे में पाकिस्तान से भारतीय सीमा में घुसे तीसरे ड्रोन को मार गिराया है। ड्रोन के साथ तीन पैकेट में 3.300 किलो हेरोइन भी मिली है। इससे पहले जवानों ने 19 मई की रात 8:55 बजे पहला ड्रोन धालीवाल गांव और दूसरा ड्रोन सीमांत गांव रतन खुर्द के पास रात में 9:24 बजे मार गिराया था। यह ड्रोन भी क्वाडकॉप्टर डीजेआई मेट्रिस 300 पीटीके मॉडल का था।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक जवान शनिवार की रात भारत-पाकिस्तान सीमांत गांव धनोए कलां के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान जवानों ने पाकिस्तान से ड्रोन आने की आवाज सुनी तो उस पर फायरिंग कर दी।
ड्रोन क्षतिग्रस्त होकर गांव के बाहर खेतों में गिर गया। बीएसएफ जवानों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। रविवार को सर्च के दौरान एक खेत से क्षतिग्रस्त ड्रोन और उसके साथ एक लोहे के रिंग से बंधा एक पैकेट मिला। इसमें हेरोइन के तीन पैकेट थे। जिसका वजन 3 किलो 300 ग्राम है।
बीएसएफ के डीआईजी ने लोगों के साथ की बैठक
उधर, फिरोजपुर में बीएसएफ के डीआईजी, एसएसपी फिरोजपुर और अन्य अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा बल जलालाबाद परिषद में सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों के किसानों और ग्रामीणों के साथ बैठक की। इसमें उनकी समस्याएं सुनी और उनका तुरंत समाधान किया।
उन्होंने सीमा पर होने वाले अपराधों के बारे में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भी बॉर्डर पट्टी में रहने वाले लोगों से कहा कि अपने आसपास सावधान रहें और कोई संदिग्ध व्यक्ति या ड्रोन नजर आने पर उन्हें तुरंत सूचित करें और उनसे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी दें। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि शरारती और तस्कर गांव के युवाओं को पैसे का लालच देकर अपने साथ जोड़कर अपराध की दुनिया में धकेल रहे हैं।