संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बाॅर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों ने शनिवार की सुबह सीमांत गांव धनोए खुर्द के खेत से एक ड्रोन बरामद किया है। ड्रोन के साथ हेरोइन का एक पैकेट भी जवानों को मिला है। बीएसएफ के सीनियर अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद ड्रोन और हेरोइन के पैकेट को घरिंडा थाने की पुलिस को सौंप दिया है।
बीएसएफ के प्रवक्ता मुताबिक बल की एक टुकड़ी शनिवार सुबह अमृतसर के सीमांत गांव धनोए खुर्द के पास गश्त कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि गांव के बाहरी क्षेत्र में एक ड्रोन पड़ा हुआ है। तुरंत बाद जवानों ने पूरे इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया। सुबह करीब 11.55 बजे गांव के साथ सटे एक खेत में ड्रोन बरामद कर लिया।
जवानों ने ड्रोन के साथ एक पीले रंग की सेलो टेप में लिपटा एक पैकेट भी बरामद किया, जिसे एक रिंग के जरिये ड्रोन के साथ अटैच किया गया था। जांच के दौरान बरामद किया गया ड्रोन चीन निर्मित डीजेआई माविक 3 क्लासिक कंपनी का पाया गया। बल प्रवक्ता ने बताया कि पुख्ता सूचना और तुरंत कार्रवाई में तस्करों के प्रयास को विफल कर दिया गया। इसमें अगली कार्रवाई के लिए ड्रोन और हेरोइन का पैकेट लोकल पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
- फोटो