इंडो-पाक बॉर्डर पर बीएसएफ ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था
- फोटो : फाइल फोटो
लद्दाख की गलवां घाटी में भारत-चीन सीमा पर पैदा हुए तनाव के बाद सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तान के साथ सटी पंजाब सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जरनल बाजवा द्वारा आईएसआई मुख्यालय में भारत के साथ सटी सीमाओं के बारे में जानकारी लेने के बाद बीएसएफ सीमा पार पाकिस्तानी गतिविधियों पर पैनी निगाह रख रही है। पंजाब फ्रंटियर के बीएसएफ आईजी महिपाल यादव ने बुधवार को अटारी सीमा का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
आईजी यादव ने अमृतसर और गुरदासपुर सेक्टर के अधिकारियों के अलावा अजनाला में भी बीएसएफ के अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर सीमावर्ती इलाकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्राप्त जानकारी के अनुसार आईजी ने उच्च अधिकारीयों को किसी भी स्थित से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने भारत-पाक सीमा स्थित सभी भारतीय निगरानी चौकियों (बीओपी) का दौरा भी किया। वहां तैनात बीएसएफ जवानों व अधिकारियों का मनोबल बढ़ाया। अधिकारियों को कंटीली तारों के पार पाकिस्तान की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। बीएसएफ के सूत्रों के अनुसार भारत-चीन के बीच बढ़े तनाव को देखते हुए बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा पर चौकसी और कड़ी कर दी गई है।
बीएसएफ के डीआइजी भूपिंदर सिंह के नेतृत्व में जवान हर स्थिति से निपटने को तैयार हैं। बीएसएफ अमृतसर सेक्टर के तहत आने वाली सभी बटालियन के अधिकारी और कर्मचारी अपने कमांडेंट और हेडक्वार्टर के संपर्क में हैं। इसी संदर्भ में आईजी महिपाल यादव ने सीमा का दौरा किया है। आईजी ने अधिकारियों को सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ाने की हिदायतें देने के साथ ही प्रत्येक बीओपी पर डिप्टी कमांडेंट स्तर के अधिकारी की तैनाती कर दी है।