कस्बा काला संघिया के गांव बलेरखानपुर के पास स्थित गुरुद्वारा साहिब छठी पातशाही श्री टाहली साहिब के पास एक लाइनमैन को फीडर के स्विच को हाथ लगाते ही आग लग गई। लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पावरकॉम विभाग में हड़कंप मच गया है, क्योंकि जेई ने बिना एसडीओ की अनुमति लिए लाइनमैन को 11 केवी फीडर नारांवाली का फॉल्ट चेक करने के लिए भेज दिया था।
जानकारी के अनुसार पावरकॉम काला संघिया में कार्यरत लाइनमैन अमरजीत सिंह (57) निवासी कपूरथला मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे गांव बलेरखानपुर के पावरकॉम के 11 केवी फीडर नारांवाली का फॉल्ट जांचने के लिए पहुंचा। जैसे ही लाइनमैन ने बिजली बंद करने के लिए स्विच को हाथ लगाया तो अचानक करंट लगने से उसे आग लग गई और वह झुलस गया।
यह देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर काला संघिया पावरकॉम के एसडीओ निर्मल सिंह, जेई दिनेश कुमार सहित कई कर्मचारी मौके पर पहुंचे।