कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाप-बेटे सहित 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल भी हैं। इनमें से दो को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
मामला हरियाणा के खरखौदा के झरोठ गांव कार है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पलटते हुए खेतों में जा गिरी। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम के लिए उन्हें सोनीपत के सामान्य अस्पताल भेजा है।
सुंदर निवासी फाजिलपुर परिवार सहित झज्जर से कार में परिवार के साथ गांव लौट रहा था। रास्ते में जब वे लोग झरोठ गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उनकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार निलौठी निवासी ओम प्रकाश और ट्रक मिस्त्री राजकुमार उर्फ राजू निवासी खरखौदा की मौके पर की मौत हो गई।
दूसरी ओर गाड़ी में सवार सुंदर (35), उसका पुत्र सन्नी (14), बेटी अंजली (16), पत्नी किरण (32) और अजय (12) घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए खरखौदा के सामुदायिक अस्पताल लाया गया। जहां पर सुंदर और उसके पुत्र सन्नी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायल अजय और अंजलि की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
खुशी में शामिल होकर लौट रहा था परिवार
झरोठ के पास हुई दुर्घटना में मरने वाला सुंदर अपनी ससुराल चांदोल झज्जर से खुशी में शामिल होकर गांव फाजिलपुर लौट रहा था। चांदोल में वह अपने साले रवि के पुत्र के जन्म की खुशी में मनाए जाने वाले दसवें दिन के उत्सव में शामिल होने गए थे। रविवार को वापस लौटते समय झरोठ गांव के पास हादसे का शिकार हो गए।
हाथ पर करती रही मालिश कि उठ जाएगा सुंदर
सुंदर की पत्नी किरण की तो जैसे दुनिया ही लुट गई। एक साथ उसके पति और पुत्र की मौत ने उसे झकझोर कर रख दिया। खरखौदा के सामुदायिक केंद्र में बेसुध किरण पति के शव के पास बैठी हुई थी। वह इस आस में अपने पति सुंदर के हाथ में मालिश कर रही थी कि कभी भी उसका पति उठकर उससे बातें करने लगेगा। उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि जान से भी प्यार उसका बेटा और जीवन साथी उसे छोड़ कर चले गए हैं।
ट्रक के पुर्जे ठीक कराने गया था मिस्त्री
खरखौदा निवासी राजू ट्रक ठीक करने का काम करता है। निलौठी निवासी ओम प्रकाश उसके पास अपना ट्रक ठीक कराने आया था। ट्रक के पुर्जों में आई खराबी को ठीक कराने के लिए वह ट्रक मालिक के साथ सोनीपत गया था। पुर्जे ठीक कराकर आते समय दोनों की दुर्घटना में मौत हो गई।