दिल्ली में शादी के बाद दुल्हन को विदा कराकर जयपुर जा रहे बाराती हादसे के शिकार हो गए। हादसे में दूल्हा-दुल्हन, पांच एनआरआई समेत करीब 21 बाराती घायल हो गए, जबकि 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हुआ। यहां बारातियों से भरी बस हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई।
जयपुर की बड़ोदिया बस्ती निवासी अमरीक सिंह के बेटे सूरज की शादी दिल्ली के गुरुनानक पुरा निवासी कमलजीत कौर से बुधवार को हुई थी। शादी के बाद दूल्हा- दुल्हन और बारात में शामिल करीब 60 लोग एक बस से जयपुर लौट रहे थे।
देर रात बस जैसे ही बावल स्थित होटल 99 के पास पहुंची तो वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना से बस में हाहाकार मच गया। होटल के आसपास मौजूद लोगों ने थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी और घायलों को बस से बाहर निकाला।
पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस और अन्य साधनों से घायलों को सेंट्रल हॉस्पिटल और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना में दुल्हन कमलजीत कौर (21) समेत 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पंद्रह से ज्यादा लोगों को मामूली चोटें आईं।
लंदन से आए थे शादी में शामिल होने
घायलों में पांच एनआरआई भी हैं, जो दूल्हे के रिश्तेदार है। चिकित्सकों के मुताबिक घायल शंकर सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। दुल्हन कमलजीत कौर(21), दूल्हा सूरज (22), जसकरण कौर(39), होशियार सिंह (63), मोहम्मद इरफान(24), इंद्रकौर(65), राजकौर(60), बेअंत कौर(77), रोशन(65), दूल्हे के पिता अमरीक सिंह(55), मां महेंद्र कौर(50), दारा खान व उसके पिता नासिर खान के अलावा विक्की सिंह, अर्जुन सिंह, करण सिंह, जसबीर कौर आदि है।
सूरज की बुआ पुष्पा और उसके फूफा मिल्का सिंह परिवार सहित लंदन में रहते हैं। भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए वह भी बेटे गुरदीप सिंह, शक्ति सिंह और एक अन्य के साथ हाल ही में जयपुर आए थे।
दिल्ली से बस में आते वक्त यह एनआरआई परिवार भी घायल हो गया, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।