चंडीगढ़। युवती का फोन छीनकर भाग रहे झपटमार को पकड़ने और फिर हॉस्टल में लगी आग को बुझाने वाले जीएमसीएच 32 के सिक्योरिटी गार्ड सुखविंदर सिंह को मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. बीएस चवन ने पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया है। हॉस्पिटल प्रशासन का कहना है कि सुखविंदर सिंह ने अपनी ड्यूटी को बखूबी निभाया है। उनकी ड्यूटी में सतर्कता, तत्काल प्रतिक्रिया देना और ईमानदारी झलकती है। सुखविंदर ने शुक्रवार को एक झपटमार को पकड़ा था, जो एक युवती का पर्स लेकर भाग रहा था। उसके अगले दिन हॉस्पिटल के हॉस्टल में आग लग गई थी। आग को बुझाने में सुखविंदर ने सक्रिय भूमिका निभाई थी।