मोहाली। चंडीगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति ने मोहाली निवासी एक व्यक्ति को ब्लैकलिस्ट गाड़ी 30.10 लाख रुपये में बेच डाली। इतना ही नहीं इंजन नंबर और चेसिस नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की ताकि इस धोखे का पता न चल सके। आरोपी की पहचान धीरज गोयल वासी सेक्टर-22सी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। फेज-8 थाना पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अभय जैन वासी सेक्टर-68 ने पुलिस को बताया कि उसका चंडीगढ़ के रहने वाले धीरज गोयल से संपर्क हुआ। वह गाड़ियां बेचने का काम करता है। उसने 30 अगस्त 2020 को उसे एक फॉर्च्यूनर गाड़ी दिखाई जो धीरज गोयल के नाम पर रजिस्टर्ड थी। उक्त गाड़ी का सौदा 30.10 लाख रुपये में कर लिया और कार की पूरी रकम भी धीरज गोयल को दे दी। गाड़ी खरीदने के बाद उसे पता लगा कि यह गाड़ी एसडीएम दफ्तर पट्टी जिला तरनतारन की ओर से ब्लैक लिस्ट की हुई है। इतना ही नहीं गाड़ी के इंजन नंबर और चेसिस नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की हुई है जिससे गाड़ी ट्रेस न हो सके। कंपनी के अधिकारियों से पूछने पर पता लगा कि इस इंजन और चेसिस नंबर की गाड़ी कभी भी धीरज गोयल नाम के व्यक्ति से सेल नहीं हुई। उक्त आरोपी ने नकली बिल लगाकर चेसिस नंबर के साथ छेड़छाड़ कर गलत तरीके से गाड़ी रजिस्टर करवाई है और उसे झूठ बोलकर धोखे में रखकर ठगी की है।