चंडीगढ़। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन एम. वेंकटेशन वीरवार को चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और नगर निगम व प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने नगर निगम की आयुक्त आनिंदिता मित्रा को निर्देश दिए कि अगर कोई भी ठेकेदार कर्मियों को समय पर वेतन नहीं देता है, तो उसे तुरंत ब्लैक लिस्ट किया जाना चाहिए।चेयरमैन ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जांच करें कि सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन के संबंध में सरकार के दिशा-निर्देशों का ठीक से पालन हो रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न स्तरों पर लंबित सभी नियमित, संविदा और आउटसोर्स सफाई कर्मियों के प्रस्तावों और मामलों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उन ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट में डालने के भी निर्देश दिए जो सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों को कम वेतन दे रहे हैं या समय पर वेतन नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को समान काम, समान वेतन सरकार के नियम का पालन करना चाहिए और समय पर सभी सफाई कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन का भुगतान करना चाहिए। बैठक के दौरान चेयरमैन ने द प्रोहिबिशन ऑफ एम्प्लॉयमेंट एज़ मैनुअल स्कैवेंजर्स एंड देयर रिहैबिलिटेशन एक्ट-2013 की भी समीक्षा की और कई सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। इस दौरान व्यक्तिगत सफाई कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ और समूह डी कर्मचारियों के साथ-साथ शौचालयों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार सभी आउटसोर्सिंग एजेंसियां व ठेकेदार भी उपस्थित थे।