अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि लैंड पूलिंग पॉलिसी पर भाजपा की फतेह रैली सिर्फ नाटक है। वड़िंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट में कहा कि पंजाब भाजपा ने न सड़कों पर संघर्ष किया न ही आप सरकार पर दबाव बनाया। यही भाजपा है जो 3 काले कृषि कानून लेकर आई। किसानों को 3 साल तक सड़कों पर बैठने को मजबूर किया और 750 से अधिक किसानों की शहादत हुई। उन्होंने कहा कि पंजाबी न भाजपा को माफ करेंगे न ही आम आदमी पार्टी को। लैंड पूलिंग नीति किसानों के संघर्ष और पंजाब कांग्रेस के साथ खड़े होने से वापस हुई है। कांग्रेस आगे भी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। भाजपा ने रविवार को लैंड पूलिंग पॉलिसी वापस लिए जाने के बाद ही अनाज मंडी राजपुरा से किसान मजदूर फतेह रैली का आयोजन किया था जिसका वड़िंग ने विरोध किया है।