कांग्रेस के एक बड़े नेता को पार्टी में शामिल कर राज्यसभा भेज सकती है पार्टी
कांग्रेस की एक नेत्री व दो नेताओं की हाईकमान से पहले दौर की हो चुकी बातचीत
मोदी कैबिनेट में शामिल पंजाब के रवनीत बिट्टू का भी नाम चर्चा में
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के बाद खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए सियासत शुरू हो गई है। भाजपा इस सीट को हथियाने में जुटी है, तो कांग्रेस सीट बचाने के लिए पुरजोर कोशिश करेगी। विधानसभा चुनाव नजदीक होने से भाजपा ऐसे उम्मीदवार को राज्यसभा भेजना चाहती है, जो उसके जातीय समीकरण के खांचे में फिट बैठे। भाजपा ने उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पार्टी की नजर इस समय कांग्रेस के उन बागियों पर भी है, जो पार्टी में अलग-थलग पड़े हैं और पार्टी खिलाफ उनके तेवर तीखे हैं। भाजपा के कुछ नेता इनके संपर्क में हैं। इनमें कांग्रेस की एक नेत्री भी शामिल हैं। साथ ही, दो ऐसे नेता हैं जो लोकसभा चुनाव से नाराज चल रहे हैं। जल्द ही प्रदेश में बड़ा उलटफेर होने की संभावना है।
राज्यसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने अभी तारीख की घोषणा नहीं की है, मगर भाजपा व कांग्रेस ने इस सीट पर नजरें गड़ा दी हैं। हालांकि इस सीट का कार्यकाल सिर्फ दो साल का रहेगा। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया, पार्टी को यदि लगता है कि कांग्रेस नेता को राज्यसभा में भेजने से कोई फायदा है तो वह इसमें जरा भी संकोच नहीं करेगी। उन्होंने स्वीकारा कि कांग्रेस के कुछ नेता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में हैं। एक दौर की बातचीत हो चुकी है। बस घोषणा होना बाकी है। भाजपा में अंदरखाते भी इस सीट के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है। इनमें भाजपा के एक किसान नेता के नाम भी चर्चा चल रही है। वहीं, पंजाब से मोदी मंत्रिमंडल में शामिल रवनीत बिट्टू का भी नाम सामने आ रहा है। पार्टी उन्हें भी इस सीट से राज्यसभा भेज सकती है।
-
कुलदीप बिश्नोई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले
हिसार। राज्यसभा सीट के लिए पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई भी सक्रिय हो गए हैं। कुलदीप ने पत्नी रेणुका बिश्नोई के साथ सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद कुलदीप ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि ऐतिहासिक फैसलों से जिसने देश को दी नई धार, ऐसा है जुुबान के धनी अमित शाह का किरदार। आधुनिक भारत की राजनीति के चाणक्य गृह मंत्री अमित शाह ये आज हरियाणा विधानसभा चुनाव सहित कई अहम विषयों पर विस्तृत सकारात्मक चर्चा हुई। अमित शाह और कुलदीप बिश्नोई की इस मुलाकात ने नई चर्चा का जन्म दे दिया है। बताया जा रहा है कि कुलदीप बिश्नोई भी राज्यसभा जाने की रेस में शामिल हैं। हिसार लोकसभा सीट से टिकट न मिलने से वे नाराज थे। पार्टी राज्यसभा भेजकर उनकी नाराजगी को दूर कर सकती है।