चंडीगढ़। मेयर चुनाव एक बार फिर हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इस बीच शनिवार को चुनाव के लिए नामांकन होगा। भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने अब तक मेयर उम्मीदवार के नाम से पर्दा नहीं हटाया है। आप नेताओं ने कहा कि वह शनिवार को ही नामांकन से पहले उम्मीदवार की घोषणा करेंगे। हालांकि सूत्रों का कहना है कि आप पार्षद प्रेमलता व अंजू कात्याल में से किसी को मेयर उम्मीदवार बना सकती है।
30 जनवरी को मेयर चुनाव होने हैं और इसके लिए 25 जनवरी को नॉमिनेशन फाइल होंगे। इससे पहले यह चुनाव 24 जनवरी को होना था, जिसके लिए 20 जनवरी को नामांकन था। भाजपा और कांग्रेस ने नामांकन भी भर दिया था, लेकिन इस बीच हाईकोर्ट ने चुनाव की तिथि आगे बढ़ा दी थी, जिसकी वजह से अब शनिवार को दोबारा नामांकन होंगे। भाजपा और कांग्रेस की तरफ से वही उम्मीदवार फिर नामांकन भरेंगे। इसमें भाजपा से मेयर पद पर हरप्रीत कौर बबला, सीनियर डिप्टी मेयर के पद पर विमला दुबे और डिप्टी मेयर के पद पर लखबीर सिंह उम्मीदवार रहेंगे। वहीं, कांग्रेस से सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर जसबीर सिंह बंटी और तरुणा मेहता की तरफ से नामांकन भरा जाएगा। कांग्रेस और आप का गठबंधन है। इसलिए मेयर की सीट पर आप की तरफ से उम्मीदवार उतारा जाएगा। शनिवार को तीनों पार्टियां लंच के बाद नामांकन भरने के लिए पहुंचेंगी। नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चलेगी। बता दें कि मेयर का पद एक साल के लिए होता है, इसलिए हर साल जनवरी के महीने में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होते हैं। मेयर पद इस साल महिला पार्षद के लिए आरक्षित है।
सबसे पहले मेयर और उसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर के लिए होगी वोटिंग
चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव 30 जनवरी को सेक्टर-17 स्थित नगर निगम कार्यालय में सुबह 11 बजे होगा। सबसे पहले मेयर पद के लिए मतदान होंगे और उसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर और फिर डिप्टी मेयर के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटिंग बैलेट पेपर के माध्यम से कराई जाएगी। यह चुनाव और भी खास हो गया है क्योंकि सत्ताधारी आप-कांग्रेस गठबंधन के पास चुनाव जीतने के पूरे नंबर हैं लेकिन भाजपा की तरफ से जीत के दावे किए जा रहे हैं। इस बार पीठासीन अधिकारी मनोनीत पार्षद रमणीक सिंह बेदी होंगे। पिछली बार हुई विवादित घटनाओं से बचने के लिए इस बार कड़ी सुरक्षा और कैमरों का प्रबंध किया जाएगा।