मजीठिया के साथ अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सत्ता की फोटो जारी
- फोटो : अमर उजाला
मजीठा से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार एडवोकेट हिम्मत सिंह शेरगिल ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया की कुछ फोटो जारी की है। इनमें मजीठिया अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर और पंजाब पुलिस के वांटेड सतप्रीत सिंह सत्ता और बिट्टू औलख के साथ दिख रहे हैं। फोटो किसी समारोह की है। फोटो में कांग्रेस के उम्मीदवार इंद्रबीर सिंह बुलारिया भी दिख रहे हैं।
शेरगिल का कहना है कि मजीठिया को ईडी ने क्लीन चिट नहीं दी है। ईडी छह हजार करोड़ का मामला बता रही है तो पंजाब पुलिस 60 करोड़ का समझ रही है। मजीठिया के गोरखपुर से कनेक्शन हैं और आम आदमी पार्टी मांग करती है कि उत्तर प्रदेश में जहां-जहां मजीठिया के कनेक्शन हैं, वहां-वहां जांच होनी चाहिए।
शेरगिल ने साधा मजीठिया पर निशाना
मजीठिया के साथ अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर सत्ता की फोटो जारी
- फोटो : अमर उजाला
हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि मजीठिया के खिलाफ ठोस दस्तावेज हैं जो ईडी के रिकार्ड में हैं। मजीठिया अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों के सांझीदार रहे हैं। सत्ता मजीठिया की सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल करता था, उन्हीं के घर में रहता था।
शेरगिल ने आरोप लगाया कि मजीठिया के खिलाफ सीबीआई जांच होनी थी, लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि सीबीआई जांच की जरूरत नहीं। कैप्टन और मजीठिया के परिवार के बीच गहरा नाता रहा है।
यही वजह है कि कैप्टन ने मजीठा रैली में मजीठिया के खिलाफ कुछ नहीं बोला। कांग्रेस के पंजाब प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह बादल परिवार को हमेशा संरक्षण देते रहे हैं और बादल परिवार हमेशा कैप्टन को बचाता रहा है। राजनीति के मंच पर भले ही दोनों एक-दूसरे को कुछ कहे लेकिन अंदर से एक ही हैं।
फोटो कोई भी कहीं भी खिंचवा ही लेता है, इसका मतलब नहीं है कि रैली या किसी समारोह में खींची गई फोटो में हर किसी से मेरा रिश्ता हो। पब्लिक सर्वेट हूं, पब्लिक सब जानती है। - बिक्रम सिंह मजीठिया, मजीठा से अकाली प्रत्याशी