राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पाटी के कनवीनर अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। मजीठिया ने कहाकि केजरीवाल की राजनीतिक चालों को प्रदेश के सूझवान लोग बर्दाश्त नही करेंगे। साथ ही लोग आम आदमी पार्टी को मुंह नहीं लगाएंगे।
मजीठिया गांव मियां पंधेर में विकास कार्यो के लिए 40 लाख रुपये ग्रांट बांटने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मजीठिया ने कहा पंजाब के दौरे पर आ रहे केजरीवाल यह बताए कि 1984 के दंगों आरोपी कांग्रेसी नेता जगदीश टाइटलर को गले मिलना और मामले की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी की फाइल गुम होना टाइटलर को बचाने का हिस्सा है।
इससे केजरीवाल की टाइटलर से समीपता एवं गहरी सांझ का पर्दाफाश हो गया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को 2017 में सियासत छोड़ने के बयान मजीठिया ने उनपर व्यंग्य कसते हुए कहा कि कैप्टन की बात को गंभीरता से नही लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कैप्टन ने 2007 व 2012 के दौरान यही बात कही थी। उस समय भी पंजाब के लोगों ने कैप्टन को नकार दिया था। इस अवसर पर मेजर शिवी, तलबीर सिंह गिल, रविप्रीत सिंह सिद्धू, मीडिया सलाहकार प्रो.सरचांद सिंह, कुलविंदर सिंह धारीवाल, सुखविंदर सिंह उपस्थित थे।