चंडीगढ़। सेक्टर-47 में बाइक सवार दो युवक घर के सामने सफाई कर रही एक महिला से डेढ़ तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। सूचना पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अनुराधा खन्ना (51) ने बताया कि वह सेक्टर-47 में परिवार समेत रहती हैं। मंगलवार सुबह करीब पौने 11 बजे वह अपने घर के सामने सफाई कर रही थीं, तभी बाइक सवार दो युवक आए और पिछले सीट पर बैठा युवक उनके गले से डेढ़ तोले की सोने की चेन छीनकर दूसरे साथी संग फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस बयान में महिला ने बताया कि आरोपी काले रंग की बाइक पर सवार थे। बाइक चालक ने हेलमेट पहना था, जबकि पिछली सीट पर बैठे युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। वहीं, पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
एक हफ्ते में झपटमारी की चार वारदात
बता दें कि पिछले एक हफ्ते में शहर के अलग-अलग जगहों पर बाइक सवारों ने झपटमारी की चार वारदात को अंजाम दिया है। बीते 27 मई को बाइक सवार दो युवक सेक्टर 41 के मार्केट से शिबी देवी की सोने की चेन और सेक्टर 33 के मिनी मार्केट से संजीव कुमार की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे। 30 मई को बाइक सवार महिला समेत दो आरोपियों ने आदिल नामक शख्स से सेक्टर 41 से आठ हजार और मोबाइल झपटा था। और अब बाइक सवार दो युवक सेक्टर-47 में महिला से सोने की चेन झपट ले गए।