चंडीगढ़। बाइक सवार अज्ञात बदमाश 10 अक्तूबर की देर शाम को सेक्टर-33डी में मंदिर से घर लौट रही बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। सदमे में आई महिला ने पहले तो यह बात किसी को नहीं बता पाई, लेकिन छह दिन के बाद बुधवार को घटना के बारे में पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में कौशल्या गोयल (72) ने बताया कि वह सेक्टर-33डी में परिवार सहित रहती है। 10 अक्तूबर रात को करीब 8 बजे सेक्टर-34 स्थित मंदिर से अकेले ही पैदल घर जा रही थी। जब वह सेक्टर-34 में रिहायशी मकानों के पास पहुंची तो एक युवक ने कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर दी और पैदल-पैदल उनके पास आया। युवक ने पीछे से आकर उनके गले में डली करीब तीन तोले की सोने की चेन तोड़ी और बाइक पर मार्केट के पीछे से होते हुए फरार हो गया। इससे महिला सदमे में आ गई। उसने यह बात किसी को नहीं बताई। अब घटना के बारे में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।