प्रेस वार्ता में सुरक्षा के चूक के सवाल पर राहुल ने कहा कि उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं है। मैं उस व्यक्ति को नहीं देख पाया, जो मेरे गले लगने आया था। मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप इसे सुरक्षा में चूक क्यों कह रहे हैं? इस यात्रा में बहुत ज्यादा जोश देखने को मिल रहा है। ऐसा होता रहता है। सुरक्षा में लगे लोगों ने उस युवक की जांच की थी। वह केवल उत्साहित था। वहीं आईजी गुरशरण सिंह संधू का कहना है कि दोनों घटनाओं में सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है। राहुल गांधी ने इशारा किया था तो ही युवक आगे दौड़ता हुआ आया था और गले लगा था। दोनों युवकों को पूछताछ की थी लेकिन कुछ सामने नहीं आया है। वह दोनों भारत जोड़ो यात्रा में आए थे।
थ्री लेयर सुरक्षा में हैं राहुल
राहुल गांधी को पंजाब में थ्री लेयर सिक्योरिटी के बीच रखा गया है। सिक्योरिटी एजेंसी की येलो बुक के मुताबिक राहुल गांधी को जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली है। उनकी सुरक्षा में एडवांस सिक्योरिटी लायजन, 58 कमांडो, 10 आर्म्ड स्टैटिक गॉर्ड, 6 पीएसओ एक समय में राउंड द क्लॉक, 24 जवान 2 एस्कॉर्ट में राउंड द क्लॉक, 5 वाचर्स दो शिफ्ट में रहते हैं। इसके अलावा एक इंस्पेक्टर या सब इंस्पेक्टर इंचार्ज के तौर पर तैनात रहता है। राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा में घेरे में रखने के बाद उनके लिए आगे आला पुलिस अधिकारियों का घेरा है, जिसके बाद एक घेरा सादी वर्दी के पुलिस मुलाजिमों का है और उसके बाद पंजाब पुलिस के मुलाजिम तैनात हैं।
फिर बोले राहुल, पंजाब को पंजाबी कल्चर से चलाना होगा
होशियारपुर में पत्रकारवार्ता में राहुल गांधी ने एक बार फिर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब को पंजाबी कल्चर के अनुसार ही चलाना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी यात्रा नफरत, हिंसा और बेरोजगारी के खिलाफ हे। 2024 में राम मंदिर खोलने और चुनाव के सवाल पर राहुल ने कहा कि हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते जाएंगे। राहुल ने कहा कि देश के संस्थानों पर भाजपा और आरएसएस का कब्जा हो गया है। वहीं एक व्यक्ति के सुरक्षा घेरा तोड़कर उन्हें गले लगाने पर सुरक्षा चूक के सवाल पर राहुल ने कहा कि ये सुरक्षा चूक नहीं थी। ऐसा होता रहता है। वो व्यक्ति उत्साह में आ गया था।
इस दौरान वरुण गांधी के साथ आने की बात पर राहुल गांधी ने कहा कि मैं आरएसएस के कार्यालय नहीं जा सकता। उससे पहले मेरा गला काटना होगा। वरूण गांधी से मेरी विचारधारा नहीं मिलती है। नशे के मुद्दे पर राहुल ने कहा कि बेरोजगारी और किसानों का मुद्दा सुलझाने से नशे की समस्या भी सुलझेगी। आप सरकार पंजाब को विजन नहीं दे पा रही। कांग्रेस सरकार आने पर पंजाब को विजन मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोगों में भाजपा सरकार के खिलाफ रोष है।
आरएसएस के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म शांतिप्रिय है। आप जो रंग अपनाना चाहें अपना सकते हैं। मैंने हिंदू धर्म को पढ़ा है। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार थी तो हमने 20 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला। मोदी सरकार ने उन्हें दोबारा गरीबी में धकेेला। स्मॉल और मीडियम इंडस्ट्री और किसान को आगे बढ़ाने से बेरोजगारी दूर होगी। हिमाचल सरकार पर उन्होंने कहा कि हम सीएम पर प्रेशर नहीं डालते। उन्हें थोड़ा वक्त दीजिए। नवजोत सिद्धू के बाकी नेताओं से विवाद पर राहुल ने कहा कि ये आसानी से मैनेज होने वाले इश्यू हैं। इस विवाद के कारण चुनाव हारने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेसी थी। अगली बार हम सरकार बनाएंगे। एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि सिख धर्म हिंदुस्तान की रीढ़ की हड्डी है मैं सिख समुदाय से प्यार व इज्जत करता हूं। हिंदुस्तान की सिखों के बिना कल्पना नहीं की जा सकती।
राहुल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने देश को प्यार का विजन दिया। ये भाजपा के नफरत भरे विजन का जवाब है। हिंदुओं का आक्रामक होना चाहिए, मोहन भागवत के इस बयान के सवाल पर राहुल ने कहा कि उन्होंने गीता और वेद नहीं पढ़े हैं। मैंने गीता पढ़ी है। कहीं नहीं कहा गया कि हिंदुओं को आक्रामक होना चाहिए। पानी के सवाल पर राहुल ने कहा कि ऐसे मसले अभी डिस्कस नहीं हो सकते।
CRPF के डीजी बोले- अच्छे से कर रहे अपना काम
इस बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक सुजॉय लाल थाउसेन ने कहा कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात बल के जवान अच्छी तरह से अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम उन सभी लोगों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार हैं, जिन्हें सीआरपीएफ कर्मियों द्वारा कड़ी सुरक्षा प्रदान की जाती है और हम यह काम बहुत अच्छी तरह से कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में 'भारत जोड़ो यात्रा' के अगले चरण के दौरान गांधी की सुरक्षा की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर थाउसेन ने कहा कि 'जेड प्लस' सुरक्षा प्राप्त लोगों को सुरक्षा प्रदान करना राज्य की जिम्मेदारी है। मुझे पूरा विश्वास है कि वहां की पुलिस ने आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की होगी।