चंडीगढ़। कारगिल युद्ध के हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा के शहीदी दिवस के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से सेक्टर-17 प्लाजा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका नेतृत्व भाजयुमो के प्रभारी रमेश सहोड़ ने किया। इस मौके पर 1000 दीप जलाकर शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कई युवाओं ने भाग लिया और देश के महान सपूत को नमन किया। उपस्थित युवाओं ने कैप्टन बत्रा की देशभक्ति और बलिदान को याद करते हुए जय हिंद के नारे लगाए। कार्यक्रम के इंचार्ज दिग्विजय सिंह व राहुल चौधरी थे। कार्यक्रम में अभय झा, मानसी पुंडीर, सुखराज, विशाल सैनी, कमल शर्मा, विनायक बगिया, भानु राणा सहित युवा मोर्चा के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। युवा मोर्चा प्रभारी रमेश सहोड ने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा जैसे वीरों के बलिदान के कारण ही हम स्वतंत्र और सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।