बंग भवन में वसंत मेले में खरीदारी करतीं महिलाएं।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-35 के बंग भवन में रविवार को बंगाली वसंत उत्सव मनाया गया। वसंत उत्सव में बड़ी संख्या में बंगाली समुदाय के लोग पहुंचे। बंगाली भोज उत्सव के अलावा ड्राइंग, बेबी शो और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को 14 अप्रैल (पहला बैशाख) को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पहला बैशाख बंगाली कलेंडर का साल का पहला दिन होता है।
भोज उत्सव के दौरान बंगाल की कई लजीज व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। इसमें से प्रसिद्ध माछेर झोल और भात के अलावा चिकन और मटन बिरियानी, मिष्टी दही, पाती शाप्ता, घुघनी, दही-बड़ा सहित अन्य लजीज व्यंजनों का लोगों ने परिवार के साथ स्वाद लिया। बंगिया सांस्कृतिक समिल्लनी के उपाध्यक्ष अनिंदु दास ने बताया कि बंग भवन में ऐसा कार्यक्रम 20 वर्षों के बाद आयोजित हुआ।
यह कार्यक्रम बंगिया सांस्कृतिक सम्मिलनी की प्रबंध कमेटी और इसकी महिला शाखा ने किया। कार्यक्रम की संयोजिका बंगिया सांस्कृतिक सम्मिलनी की महिला शाखा की अध्यक्षा अंजना मेनन और महासचिव इरा चक्रवर्ती हैं। ड्राइंग प्रतियोगिता में छह से दस वर्ष और 11 से 15 वर्ष आयु वर्ग के दो ग्रुपों में प्रतिभागी शामिल हुए। बेबी शो में छह माह से डेढ़ वर्ष और डेढ़ वर्ष से तीन वर्ष के बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कोविड के नियमों का पालन किया गया।