22 जिलों में 3385.145 करोड़ के 656 प्रोजेक्टों का करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले सीएम मनोहर लाल वीरवार को प्रदेश में 3385.145 करोड़ के 656 प्रोजेक्टों का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। सीएम वीरवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम से इन सभी प्रोजेक्टों को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। दरअसल, लोकसभा चुनाव करीब है और आचार संहिता की घोषणा कभी भी की जा सकती है। ऐसे में हरियाणा सरकार आचार संहिता से पहले करोड़ों के प्रोजेक्ट जनता को समर्पित करना चाहती है। सूत्रों ने बताया कि सीएम वीरवार को जिन 656 प्रोजेक्ट के ऊपर से पर्दा हटाने वाले हैं, उनमें 386 प्रोजेक्ट का उद्घाटन होना है और 270 प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया जाना है। यह सभी प्रोजेक्ट 20 विभागों से जुड़े हैं। इसमें सबसे ज्यादा प्रोजेक्ट फरीदाबाद और करनाल से जुड़े हैं। फरीदबाद में 32,243.35 लाख के प्रोजेक्टों का शिलान्यास होना है। इनमें दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-19 से डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास केएमपी लिंक तक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाना है। वहीं, करनाल में करीब 31,276.48 लाख के प्रोजेक्ट हैं। इनमें करनाल में स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत 135 करोड़ से अधिक लागत वाली दो परियोजनाएं भी शामिल हैं।