रोज फेस्टिवल में चौपर उड़ाने के लिए निगम ने कंपनी फाइनल कर ली है। बुधवार को यह काम बंगलूरू की ग्रीन हॉक सॉल्यूशनल प्राइवेट लिमिटेड को अलॉट कर दिया गया। 3500 रुपये में साढ़े छह मिनट की राइड मिलेगी। 17 से 19 फरवरी को आयोजित रोज फेस्टिवल में कंपनी दो चौपर उड़ाएगी। हर चौपर में सात सीटें होंगी। कंपनी को पहले भी कई धार्मिक स्थलों और मेलों में हेलीकॉप्टर उड़ाने का अनुभव है।
इन चौपरों को एक्स आर्मी के पायलट ही उडाएंगे। जो भी व्यक्ति चौपर का मजा लेना चाहता है, उसे टिकट के समय टाइम अलॉट किया जाएगा। कंपनी के अनुसार चौपर सेक्टर-17 के परेड ग्राउंड से 600 फुट ऊपर तक उडे़गा। रोज गार्डन से लेकर सुखना लेक को ऊपर से देखने का मजा लोग उठा पाएंगे, जबकि कसौली की पहाड़ियों को भी यात्री नजदीक से देख पाएंगे।
कल से यहां मिलेंगी टिकटें
रोज फेस्टिवल के लिए टिकटें शुक्रवार से बिकनी शुरू हो जाएंगी। कंपनी के अनुसार अभी एलांते मॉल, डीटी मॉल, सेक्टर-17 हॉट मिलियन और सेक्टर-9 स्थित पंजाब स्टोर में टिकटें मिलेंगी। जबकि ऑन द स्पॉट भी टिकट उस दिन बिकेगी। अभी बुकिंग करवाने वालों को प्राथमिकता के आधार पर राइड दी जाएगी।