चंडीगढ़। सेक्टर-28बी में बिजली कर्मचारी की कार समेत चार अलग-अलग वाहनों से अज्ञात चोर चार बैटरियां चुराकर ले गए। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने आईपीसी 379 के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-28बी निवासी है। वह बिजली विभाग में बतौर लाइनमैन का काम करते हैं। बुधवार रात उन्होंने अपनी जेन कार घर के पास पार्किंग में खड़ी कर दी। अगली सुबह उठे तो देखा कि कार का बोनट खुला हुआ था। कार चेक की तो पता लगा कि उसमें से बैटरी चोरी हो गई। इस दौरान आसपास के अन्य लोग जमा हो गए तो पता लगा कि उनके घर के पास पार्क हुए महिंद्रा पिकअप गाड़ी समेत तीन अन्य वाहनों के बैटरी चोरी हुए हैं। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। वहीं पुलिस अब वारदात स्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।