पूर्व विधायक हरबंस सिंह जलाल ने कहा कि मेरे पास अक्षय कुमार के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं, लेकिन अब मुझे अपनी जान का खतरा भी है। जलाल ने कहा बरगाड़ी बेअदबी मामला खुलकर उजागर होने के बाद मुझे सुखबीर बादल और सिकंदर सिंह मलूका से जान का खतरा है।
डेरा मुखी को माफी दिलाने के लिए एक्टर अक्षय कुमार ने ही अपने घर पर सुखबीर बादल के साथ बैठक करवाकर डील करवाई थी। मेरे पास इसके पुख्ता सबूत है, जो आने वाले दिनों में एसआईटी के समक्ष पेश कर दिए जाएंगे।
शनिवार को जलाल मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन आरोपों के बाद अब उन्हें अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल और अकाली नेता सिकंदर सिंह मलूका से जान का खतरा है। इसलिए सरकार उन्हें सुरक्षा दे।
पूर्व विधायक जलाल ने कहा कि वह इस संबंध में जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन को भी पुख्ता सबूत दे चुके थे लेकिन कमीशन ने सही काम नहीं किया। अब उन्हें एसआईटी पर पूरा भरोसा है। वह एसआईटी को भी अक्षय कुमार, डेरा मुखी और सुखबीर बादल की बैठक संबंधी अहम सबूत देंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि अगर एसआईटी ने फिर भी अक्षय और सुखबीर के खिलाफ कोई कार्रवाई न की तो वह पूरे सबूतों को मीडिया के जरिए लोगों में उजागर कर देंगे।