वार्ड-3 की कॉलोनी में न डिस्पेंसरी, न प्लेग्राउंड और न पार्किंग की सुविधा बारिश में सड़कों पर भरता है घुटनों तक पानी, लोगों ने अपनी जेब से लगवाई निकासी की जाली
जनता के सवाल, पार्षद के जवाब
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। दिसंबर में नगर निगम चुनाव होने हैं। नेता एक बार फिर जनता के बीच पहुंचेंगे, वादे होंगे और विकास के दावे किए जाएंगे। लेकिन वार्ड नंबर-3 की बापूधाम कॉलोनी के लोगों का कहना है कि हर चुनाव में चेहरे और वादे बदल जाते हैं, लेकिन उनकी समस्याएं जस की तस रहती हैं। कॉलोनी में न डिस्पेंसरी है, न बच्चों के खेलने के लिए उचित प्लेग्राउंड और न ही पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था। लोगों का सवाल है कि आखिर चुनाव के समय ही नेताओं को उनकी याद क्यों आती है।
पार्क में लाइट, लेकिन रोशनी पर भी सवाल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाल्मीकि मंदिर के सामने बने पार्क में एक लाइट लगाई गई थी, जिसे राज्यपाल के दौरे के दौरान जलाया गया। उनके जाने के बाद लाइट बंद हो गई। पार्कों में हरियाली और रखरखाव की भी कमी है। सुरेंद्र कुमार और रमन ने रामलीला ग्राउंड को कम्युनिटी सेंटर में बदलने की योजना पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इसी मैदान में रामलीला होती है और यहां गाड़ियां भी खड़ी की जाती हैं। कम्युनिटी सेंटर बनने पर रामलीला और पार्किंग की जगह कहां बचेगी? लोगों को आशंका है कि मैदान खत्म होने पर सड़कें ही पार्किंग स्थल बन जाएंगी।
बारिश में सड़कें बन जाती हैं तालाब
सुमेश और संदीप के अनुसार, कॉलोनी में सीवरेज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश होते ही घुटनों तक पानी भर जाता है और गटर ओवरफ्लो होने लगते हैं। सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है। कई जगह सप्ताहभर बाद झाड़ू लगती है। सड़कों पर गड्ढे हैं और ग्रीन बेल्ट का रखरखाव नहीं हो रहा।
पानी निकासी के लिए खुद खर्च किए पांच हजार रुपये
स्थानीय निवासी दर्शन कौर ने बताया कि 704/9 से किन्नर मंदिर तक सड़क पर टाइलें नहीं लगी हैं। इससे दिनभर धूल उड़ती रहती है। पानी की निकासी के लिए उन्होंने अपनी जेब से पांच हजार रुपये खर्च कर जाली लगवाई। उनका सवाल है कि जब लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए खुद पैसा खर्च करना पड़े तो नगर निगम की जिम्मेदारी क्या है? अशोक समेत अन्य निवासियों ने कहा कि कॉलोनी में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और बच्चों के लिए खेल का मैदान भी नहीं है।
कोट....
बापूधाम में क्रिकेट स्टेडियम है। तीन करोड़ रुपये की लागत से ड्रीम पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों के खेलने के उपकरण, ओपन एयर जिम और सिंथेटिक वॉलीबाल कोर्ट बनेगा। 93 लाख रुपये से पानी की पाइपें डाली गई हैं। 704/9 से किन्नर मंदिर तक पेवर ब्लॉक लगाने का टेंडर जल्द होगा। पार्क की लाइट का रिले भी ठीक करा दिया गया है। -दलीप शर्मा, एरिया पार्षद