चंडीगढ़। शहर के सेक्टर-44 में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ युवकों ने एक बैंककर्मी के साथ मारपीट करते हुए उसपर तलवार से हमला कर दिया। वहीं, बैंक कर्मचारी के साथी ने भी दूसरे पक्ष पर बंदूक निकालकर उनकी तरफ हवाई फायर कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर घटना का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है। सोमवार देर शाम को पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
मोतीलाल ओवरसीज बैंक में नौकरी करने वाला दिल्ली निवासी युवक अंकुर पंवार सेक्टर-44 में किराए पर रहता है। रविवार रात को वह साथी अभिनव तोमर निवासी सेक्टर-45ए, सिद्धांत ठाकुर निवासी मानव कांप्लेक्स सेक्टर-45 बुड़ैल, हरिंद्र देसवाल निवासी सेक्टर-44-डी और खुशविंदर सिंह निवासी सेक्टर-44 डी के साथ खाना खाने के लिए गया था। इस दौरान दो गाड़ियों व तीन मोटरसाइकिलों पर कुछ युवक वहां पहुंचे। आते ही उन्होंने अंकुर के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। इसी बीच मौके पर हवाई फायर भी हुआ, जिसके बाद सभी हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस सहित फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने वहां से खोल भी बरामद किया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के मुताबिक पहले बैंक कर्मचारी अंकुर के साथ मारपीट हुई। बाद में अंकुर के एक दोस्त अभिनव तोमर ने दूसरे पक्ष को जान से मारने की नियत से गोली चलाई। पुलिस ने अंकुर के बयानों पर हमलावर युवकों के खिलाफ सेक्टर-34 थाने में बीएनएस एक्ट की धारा-109, 190, 191 (2), 190 (3) और 25/27/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया। वहीं, फुटेज के आधार पर पुलिस ने पीड़ित पक्ष के दोस्त के खिलाफ भी गोली चलाने पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ क्राॅस केस दर्ज हुआ है।