शहर में कुत्तों की बढ़ती तादात लोगों की परेशानी का सबब बन गई है। सेक्टर-22 डी स्थित पीएनबी के एटीएम रूम में पिछले दो दिन से एक कुत्ता एसी की हवा खा रहा है।
तेज गर्मी से बचने के लिए वह एटीएम बूथ में जाकर बैठ जाता है। एटीएम रूम के एंट्रेंस का दरवाजा टूटा है। जब भी कोई एटीएम रूम में दाखिल होता है तो वह गुर्राने लगता है। '
इससे कोई भी व्यक्ति एटीएम का प्रयोग नहीं कर पा रहा है। लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार बैंक के अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही। कई बार पीएनबी के अधिकारियों को फोन भी किए, मगर समाधान नहीं हुआ।
स्थानीय निवासी एसपी शर्मा ने बताया कि एटीएम की सुरक्षा के लिए कोई गार्ड नहीं है। दरवाजा टूटा होने के कारण यह पूरा दिन खुला रहता है। दरवाजा खुला रहने से अक्सर यह कुत्ता इसमें बैठ जाता है। दो दिन से एक कुत्ते ने डेरा डाला हुआ है।
मंगलवार को दो युवतियां जब एटीएम के अंदर दाखिल हुईं तो यह कुत्ता उनकी ओर झपटा। इससे युवतियां घबरा गईं और भाग निकलीं। एसपी शर्मा का कहना है कि सोमवार को भी कुछ लोगों ने एटीएम में आने की तो कुत्ता गुर्राने लगा और लोग बिना रुपये निकाले वापस आ गए। कुत्ते के खौफ के कारण कोई भी ग्राहक उसमें जाने से डरता है।
इस बारे में जब पीएनबी सर्कल हेड सतीश कुमार दुआ से बात करने की कोशिश की तो बात नहीं हो पाई। ग्राहकों का आरोप है कि उन्होंने जब स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होंने स्टाफ की कमी का बहाना बनाकर हाथ खड़े कर दिए।