फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंडारू दत्तात्रेय बोले- संत महात्माओं की वाणी व शिक्षा समाज को जोड़ने का कार्य करती है

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। संत महात्माओं की वाणी व शिक्षा समाज को जोड़ने का कार्य करती है। हमें अपने जीवन चरित्र में इन शिक्षाओं को अपनाकर प्रचार प्रसार करना चाहिए। इससे देश मजबूत होगा। यह बात हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने रविवार को सेक्टर- 37 के लॉ भवन में श्री सदगुरु कबीर जयंती के समापन समारोह में कही। यह कार्यक्रम श्री सदगुरु कबीर महासभा की ओर से आयोजित किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल ने महासभा को स्वैच्छिक कोष से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि एक महान कवि के रूप में कबीर जी ने समाज से अज्ञानता को दूर करने के लिए लोगों को सच्चे मानवतावादी होने के लिए प्रेरित किया। कबीर जी ने अपनी वाणी में कहा है कि व्यक्ति को दूसरों की बुराई से पहले स्वयं में झांक कर देखना चाहिए। कबीर जी का भाषा पर अधिकार होने के कारण उनकी कविताओं में भक्ति सहित अनेक रसों का स्पर्श है जो समाज के हर वर्ग का मार्ग दर्शन करता है। उन्होंने कहा कि कबीर जी ऐसे पहले संत हुए हैं जिन्होंने लोगों को व्यावहारिक जीवन शैली की भी शिक्षा दी। जुलाहे के तौर पर कपड़े बुनने का कार्य करते हुए न केवल परिवार का भरण-पोषण किया बल्कि विभिन्न संप्रदायों, जातियों और विभिन्न मतों को मानने वाले लोगों को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य किया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए हरियाणा के राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास व कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। गरीब वर्ग के लोग सरकार की योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी महापुरुषों के जन्मदिन राजकीय स्तर पर बनाए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हरियाणा को बधाई दी। इस अवसर पर राजभवन में कार्यरत संयुक्त सचिव अमरजीत सोलंकी ने राज्यपाल का स्वागत किया। मंच संचालन प्रोफेसर जयनारायण ने किया। इस मौके पर मेयर सरबजीत कौर, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य सत्यवान शेरा, संजय टंडन, धर्मवीर, मुकेश सोलंकी, सद्गुरु कबीर महासभा के प्रधान सुरजीत सिंह फौजी व अन्य सभा के पदाधिकारी व समाज के गणमान्य व्यक्ति तथा श्रद्धालु उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें