चंडीगढ़। सेक्टर-28 स्थित हिमाचल भवन में शनिवार को ग्लोबल फैशन प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। इसमें अलग-अलग प्रदेशों के कारगीरों ने 40 स्टॉल लगाए हैं। इनमें फैशन, ट्रेंड के साथ ही गृह सज्जा के साथ अन्य ढेरों विकल्प मौजूद हैं। बनारसी साड़ी और मेटल के स्टाइलिश क्लच पर्स युवतियों की पहली पसंद बने हुए हैं। प्रदर्शनी में एक ही छत के नीचे लाइफ स्टाइल, फैशन, डेकोर आइटम और एक्सेसरिज उपलब्ध होने से युवतियों में उत्साह है। बनारसी साड़ी का स्टॉल लगाने वाली गरिमा ने बताया कि युवतियां ब्रोकेड वर्क को सबसे ज्यादा पसंद कर रही हैं। वहीं साड़ी के साथ सूट का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने बताया कि बनारसी कपड़ों के रख-रखाव में कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। बनारसी साड़ी को परफ्यूम से बचाना चाहिए। साल में से दो बार उसके फोल्ड को बदलते रहना चाहिए। अन्यथा साड़ी उस फोल्ड से फटने लगती है। वहीं मेटल फ्रेम वाले क्लच बैग की स्टॉल लगाने वाली चांदनी ने बताया कि पार्टी वियर के साथ ही शादी के लिए ढेरों कलेक्शन उपलब्ध हैं। क्लच पर्स को बिड, सिक्वेंस, क्रिस्टल और पर्ल से आकर्षक लुक दिया गया है। इसे युवतियां खास अवसरों पर विशेष परिधान के साथ लेना पसंद कर रही हैं।