चंडीगढ़। बलरामजी दास टंडन मेमोरियल अंडर-16 मल्टी डेज क्रिकेट टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण 19 अक्तूबर से 1 नवंबर तक खेला जाएगा। वीरवार को टूर्नामेंट का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सेक्टर-10 स्थित डीएवी काॅलेज में करेंगे। बुधवार को सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में यूटीसीए कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट में 9 क्रिकेट बोर्ड की दस टीमें भाग ले रही हैं। इसमें चंडीगढ़ की दो टीमें जबकि अन्य टीमों में छत्तीसगढ़, पंजाब, गोवा, दिल्ली, जेएंडके, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश और झारखंड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बीसीसीआई से मान्यता मिलने के बाद शहर में क्रिकेट का ग्राफ लगातार बढ़ाता जा रहा है। ऐसे में प्रयास यही है कि जूनियर क्रिकेट और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि गत वर्षों से इस टूर्नामेंट का दायरा बढ़ता रहा है। पहले चरण में चंडीगढ़ की ही स्थानीय टीमों ने भाग लिया था जबकि अगले संस्करण में उत्तरी भारत की छह प्रमुख टीमों ने भाग लिया, जिसमें हरियाणा चैंपियन बनी थी। इस वर्ष नौ राज्यों की टीमें टूर्नामेंट का हिस्सा बन रही हैं। भविष्य में व्यापक भागीदारी के साथ यह देश के उत्कृष्ट टूर्नामेंट के रूप में उभरेगा।
संजय टंडन ने बताया कि युवाओं का बेस अंडर-16 से होता है। यहीं से पौध तैयार होती हैं। इसलिए अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का कराया जा रहा है। बीसीसीआई से मान्यता मिलने से पहले इसका दायरा कम था। मान्यता मिलने के बाद एक डेढ़ वर्ष कोविड में निकल गया। इसके बाद अब अंडर-16 पर ज्यादा फोकस करने जा रहे हैं।
यहां खेले जाएंगे मुकाबले
- डीएवी काॅलेज सेक्टर 10, सुखना लेक के पास कैंबवाला स्थित बाबा बालक नाथ क्रिकेट एकेडमी और क्रिकेट इंस्टीट्यूट ऑफ चंडीगढ़ और मोहाली स्थित लांचिग पैड्स के दो मैदान में खेला जाएगा। प्रत्येक मैच दो दिन चलेंगे जबकि प्रत्येक दिन 90 ओवर फेंके जाएंगे।
बीसीसीआई से मंजूरी मिलते ही आयोजित होगी महिला लीग
टंडन ने बताया कि इस वर्ष लड़कों की यूटीसीए क्रिकेट लीग की सफलता के बाद लड़कियों की क्रिकेट लीग करवाने का एलान किया था, लेकिन अभी बीसीसीआई कई टूर्नामेंट में व्यस्त है। बीसीसीआई से मंजूरी मिलते ही शहर में पहली महिला लीग का आयोजन होगा। वहीं मौजूदा समय में यूटीसीए की महिला क्रिकेट टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों के लिए फील्डि़ग, बल्लेबाजी और गेंदबाजी के कैंप लगाए थे। महिला क्रिकेट के लिए और अधिक प्रयास करेंगे जिससे कि वह लड़कों की टीमों के समान प्रदर्शन कर सके।