बेटे की प्रतिमा के साथ पिता बलकौर सिंह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी (फाइल फोटो)
दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा है कि जब तक मेरे बेटे की हत्या के मामले में इंसाफ नहीं मिलता तब तक मैं संघर्ष करता रहूंगा। मैं जालंधर उपचुनाव में इंसाफ मांगने गया था न कि प्रचार करने। चुनाव में किसी उम्मीदवार का विरोध नहीं किया और न ही किसी के हक में प्रचार किया बल्कि इंसाफ न मिलने पर आम आदमी पार्टी की सरकार का विरोध किया।
रविवार को अपने घर पर मूसेवाला के प्रशंसकों को संबोधित करते हुए बलकौर सिंह ने कहा कि मेरी किसी के साथ निजी दुश्मनी नहीं है लेकिन जब दुनिया पर नाम चमका चुके मेरे बेटे की हत्या करने वाले को सरकार आज तक पकड़ नहीं सकी। मुझे आश्वासन दिया जा रहा है। इसका विरोध करने में मुझे हिचकिचाहट नहीं है।
बलकौर सिंह ने कहा कि 2024 की लोकसभा चुनाव में भी वह पंजाब की सभी सीटों पर आप का खुला विरोध करेंगे। उनका विरोध पार्टी से है, किसी व्यक्ति विशेष से नहीं। घर आकर इंसाफ देने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने वादे से भाग रहे हैं।
मेरे बेटे की कमाई एक नंबर की
बलकौर सिंह ने सोशल मीडिया पर बोलने वाले लोगों को जवाब देते कहा कि जब उनके घर में बेटे की मौत होगी तो पता चलेगा कि बेटे का दर्द क्या होता है। मेरे बेटे ने जो भी कमाई की है, वह एक नंबर की है। ईडी या अन्य कोई एजेंसी से जांच करवा ले। मुझे किसी का कोई डर नहीं है।
मेरे बेटे की हत्या के असल जिम्मेदार मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रहे, जिन्होंने सुरक्षा वापस लेने की सूचना सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की। लॉरेंस बिश्नोई के जेल से इंटरव्यू ने प्रबंधों की पोल खोल दी है। यह मामला भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।