चंडीगढ़। 14 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार आरोपी अक्षय उर्फ गोलू उर्फ मौला की जमानत याचिका को जिला अदालत ने मंगलवार को मंजूर कर दिया। आरोपी पंचकूला की राजीव कॉलोनी का निवासी है। 24 सितंबर 2019 को मौली जागरां थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
जानकारी के अनुसार इलाके में चोरी की वारदात को मद्देनजर रखते हुए पुलिस हाउसिंग बोर्ड पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर पैदल गश्त कर रही थी कि मौली जागरां की तरफ से एक लड़का आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और पीछे मुड़ने लगा।पुलिस को उस पर शक हुआ कि उसके पास चोरी का सामान हो सकता है। इस पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उससे 14 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मांगने पर वह कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धारा-21 के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया था।