चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र संघ की तरफ से वीरवार को कैंपस के लॉ ग्राउंड में बब्बू मान का लाइव शो रखा गया है। इस शो में वह अश्लील, शराब और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने न गाएं, इसको लेकर समाजसेवी व प्रोफेसर पंडित राव धरनेवर ने पीयू के डीएसडब्ल्यू को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी इस पर नजर रखेंगे और अगर ऐसे गाने गाए तो शिकायत करेंगे। पंडित राव धरनेवर ने पत्र में लिखा है कि पंजाबी गायक बब्बू मान वीरवार को पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ ग्राउंड में शाम 5:30 बजे शो करेंगे। यह शो पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट काउंसिल और छात्रों द्वारा आयोजित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी की तरफ से 10 मई 2019 को कैंपस के अंदर अश्लील, शराब और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गानों पर प्रतिबंध लगा दिया था। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने भी इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसलिए यूनिवर्सिटी की तरफ से छात्र स्टूडेंट काउंसिल और बब्बू मान को यह निर्देश दिए जाएं कि वह अपने शो के दौरान अश्लील, शराब और हथियारों को बढ़ावा देने वाले गाने न गाएं। अगर ऐसा करते हैं तो यह यूनिवर्सिटी और हाईकोर्ट के आदेश के भी खिलाफ होगा। पंडित राव ने कहा कि बब्बू मान इन शराब और हथियार को बढ़ावा देने वाले गानों की जगह देशभक्ति और लोकगीत गा सकते हैं।