-8 व 9 सितंबर को रिपोर्ट सौंपेंगे समन्वयक
-11 सितंबर को होगी जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में नए सिरे से संगठन खड़ा करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने ताकत झोंक दी है। 24 घंटे पहले ही प्रदेश के लिए नियुक्त किए गए 11 समन्वयकों की दिल्ली में हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया ने बैठक ली। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी शामिल रहे। दो घंटे तक चली बैठक में बाबरिया ने सभी समन्वयकों को कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने को लेकर टिप्स दिए। साथ ही निष्पक्षता और मजबूत लोगों के नाम ही सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूची बनाते समय किसी के प्रभाव में न आकर रिपोर्ट तैयार करें। बाबरिया ने कहा कि, उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही प्रदेश में संगठन खड़ा किया जाएगा, इसलिए यह रिपोर्ट काफी अहम होगी। 8 व 9 सितंबर तक सभी समन्वयक बाबरिया को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद 11 तारीख को एआईसीसी समन्वयकों की बैठक चंडीगढ़ में होगी।
बता दें कि हरियाणा संगठन के लिए केंद्रीय नेतृत्व के 11 समन्वयकों की नियुक्ति की है। ये जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से बैठक करके राय लेंगे और उसी फीडबैक के आधार पर संभावित जिलाध्यक्षों की सूची तैयार करेंगे। एआईसीसी समन्वयकों के साथ पीसीसी समन्वयक भी लगाए गए हैं, इनमें ज्यादातर विधायकों को स्थान दिया गया है।
2014 से नहीं है कांग्रेस का संगठन
गौरतलब है कि हरियाणा में कांग्रेस के पास 2014 से संगठन नहीं है। इस दौरान अशोक तंवर, कुमारी सैलजा भी प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं, लेकिन वह संगठन नहीं बना पाए। अब चौधरी उदयभान को भी एक साल से अधिक का समय हो गया है, लेकिन वह भी यह कार्य नहीं कर पाए हैं। हालांकि चौधरी उदयभान की ओर से संगठन के लिए सूची बनाकर भेजी गई थी, लेकिन इसे हाईकमान ने रोक लिया था। इस सूची में केवल एक गुट के समर्थकों को तवज्जो दी गई थी।