चंडीगढ़ पुलिस वीक के तहत निकाली गई जागरुकता रैली
7वें पुलिस वीक के तहत चंडीगढ़ में महिला सुरक्षा पर जागरुकता रैली निकाली गई और नाटक पेश करके उन्हें उनके अधिकारों के बारे में बताया गया। पुलिस विभाग की चाइल्ड एंड वुमन सपोर्ट यूनिट की तरफ से महिला सुरक्षा पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को एसपी ट्रैफिक एवं सिक्योरिटी ईश सिंघल ने सेक्टर 17 प्लाजा से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
रैली का समापन रोज गार्डन पर हुआ। रैली में स्कूल व कालेज की छात्राओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। यूनिट के डीएसपी एसपीएस सोंधी की सुपर विजन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड एब्यूज, यौन उत्पीड़न और युवतियों से छेड़छाड़ की वारदातों को लेकर नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्राओं को सेल्फ डिफेंस की तकनीक भी सिखाई गई।
शाम को प्लाजा में साइबर सेल द्वारा साइबर सिक्योरिटी पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसएसपी सुखचैन सिंह गिल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। मौजूद लोगों को साइबर एक्सपर्ट ने रोजाना हो रहे आनलाइन फ्रॉड के बारे में जानकारी देने के साथ ही इन फ्राड से बचने के तरीके बताए गए।
वही सेक्टर 29 स्थित ट्रैफिक लाइन के ऑडिटोरियम में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ऑटो ड्राइवरों केलिए सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर केलगभग 150 ऑटो ड्राइवरों ने हिस्सा लिया।