चंडीगढ़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को ऑनलाइन गोष्ठी का आयोजन हुआ। संवाद साहित्य मंच और आचार्यकुल चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘देश प्यार पर’ था। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी एसोसिएशन चंडीगढ़ के अध्यक्ष केके शारदा ने की। इस दौरान कवयित्री प्रज्ञा शारदा ने अपनी कविता तिरंगा थामे हाथों में वो, नींद में भी जागा रहता है.. सुनाकर सभी में देशभक्ति का रस संचार कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कवयित्री नीरू मित्तल ने सरस्वती वंदना से जबकि मंच का संचालन संवाद साहित्य मंच के अध्यक्ष प्रेम विज ने स्वागत किया। सरिता मेहता ने ‘मेरा भारत मेरा प्यारा वतन मेरी रग-रग में सदा बसता’ गीत से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। निशा भार्गव ने अपने गीत में आजादी के मतवालों को याद करते कहा- आओ आज उन मतवालों की बात करते है, वतन पर मिट जाने वालों को याद करते हैं।
शायर सुशील हसरत नरेलवी ने गजल वतन के वास्ते दी जान जिन्होंने हंसते-हंसते, करेगें वे यहां सबके दिलों पर राज यारों.. सुनाया। प्रेम विज, अशोक भंडारी नादिर, गुरमीत बेदी, विजय कपूर, दलजीत कौर, नीरू मित्तल, दीपक खेतरपाल, विनोद खन्ना, सुभाष रस्तोगी, बीके गुप्ता, सुभाष भास्कर, विनोद शर्मा और एस राकेश ने कविताओं मे देशभक्ति का गुणगान किया।