भाई-बहन के अटूट प्यार का त्यौहार रक्षाबंधन पांच दिन बाद यानी 29 अगस्त को है। पर, इस बार बहनों से राखी बंधवाने के लिए भाइयों को दोपहर बाद तक का लंबा इंतजार करना पड़ेगा। रक्षाबंधन वाले दिन दोपहर 1:50 बजे भद्रा के चलते दोपहर तक राखी बंधवाने का मुहूर्त नहीं है।
वहीं, ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक भद्रा खत्म होने के बाद ही राखी बांधना श्रेयस्कर है। ज्योतिषाचार्य पंडित संदीप पाठक ने बताया कि 28 अगस्त की रात 3:46 से भद्रा का मान शुरू हो जाएगा। शनिवार को उदया में पूर्णिमा का मान मिलने से उसी दिन रक्षाबंधन मनाना श्रेयस्कर रहेगा, लेकिन भद्रा दोपहर 1:50 बजे तक रहेगी। उसके बाद ही राखी बंधवाना श्रेयस्कर रहेगा।
पंडित ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि भद्रा के चलते सुबह राखी बांधना सही नहीं है। इसके बाद का सारा समय शुभ है। उधर, राखी नजदीक आते ही बाजारों में रक्षाबंधन की चहल-पहल दिखने लगी है। जहां बहनें अपने भैया-भाभी के लिए राखियां खरीद रही हैं। वहीं, भाई भी अपनी बहनों के लिए उपहार खरीदने में व्यस्त हैं।