चंडीगढ़। मौलीजागरां थाना पुलिस ने गांव तोगा, मोहाली के एक व्यक्ति की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। संजय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सोनू, अज्जू, कांछा, सोंकार और कुछ अज्ञात हमलावरों ने उस पर पत्थरों से हमला किया। यह घटना मौलीजागरां की भट्ठा कॉलोनी के पास बीते 6 मई को हुई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि हमलावरों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायतकर्ता और उसके दोस्त रोपड़ निवासी रंजीत सिंह और ड्राइवर संदीप भी घायल हो गए। इन्हें सेक्टर 16 के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के मुताबिक मामला मौलीजागरां में शराब के ठेके के विवाद से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस इस सारे मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों को पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं।