चंडीगढ़। धनास स्थित एक भाजपा नेता के घर धावा बोलकर कुछ लोगों ने तलवार और बेसबाल से जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने दरवाजे और खिड़कियाें के साथ गाड़ियों के शीशे भी तोड़े डाले। हमले में भाजपा नेता का पूरा परिवार सहम गया और घर के अंदर ही खुद को कैद कर लिया। हमले में किसी को कोई चोट नहीं आई। तोड़फोड़ के देर बाद हमलावर भाग निकले, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन हमलावर नजर आ रहे हैं। सारंगपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरा परिवार डरा हुआ है।
मामला बीते वीरवार तड़के करीब 3.28 बजे का है। जिला नंबर-2 भाजपा आईटी सेल के संवाहक रविंदर ठाकुर ने बताया कि वह धनास स्थित ईब्ल्यूएस कॉलोनी में रहते हैं। वीरवार तड़के कुछ लोग घर का दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगे और कहा गया कि बाहर निकलो वरना जान से मार दिए जाओगे। आरोपी करीब पांच मिनट तक बाहर हंगामा और तोड़फोड़ करते रहे, जिसकी आवाज अंदर सुनाई देती रही। सभी के हाथ में तलवार और बेसबाल थी। इससे पूरा परिवार सहम गया। थोड़ी देर बाद जब हमलावर चले गए तब वह बाहर निकले। घर के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे के अलावा नीचे खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज किया।
तीन से ज्यादा हमलावरों के होने की आशंका
वारदात के बाद जब सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो तीन हमलावर कैद थे। हमलावर तड़के 3.28 बजे घर की पहली मंजिल पर पहुंचे और तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहीं दूसरे फुटेज में हमलावर 3.32 बजे पार्किंग में खड़ी पिकअप व एक अन्य गाड़ी पर बेसबाल और पत्थरों से तोड़फोड़ कर भागते नजर आ रहे हैं। रविंदर ठाकुर ने आशंका जताई कि हमलावरों की संख्या तीन से ज्यादा हो सकती है। उन्होंने शक जताया कि धनास के रहने वाले युवकों ने वारदात को अंजाम दिया होगा।
एक महीने पहले बैटरी गोदाम को लगाई थी आग
बता दें कि 13 जनवरी की रात रविंदर के भाई के धनास स्थित बैटरी गोदाम को आग के हवाले कर दिया गया था, जिसमें 40 से 50 बैटरियां जलकर राख हुई थीं। सारंगपुर थाना पुलिस ने मामले में डीडीआर की थी, लेकिन आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका था। रविंदर का कहना है कि रंजिश के चलते लगातार उनके घर को निशाना बनाया जा रहा है, बावजूद इसके पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।