खरड़-मोहाली। हरलालपुर गांव में नशीले पदार्थों के एक मामले में छापा मारने पहुंची पुलिस टीम पर युवकों के समूह ने हमला कर दिया। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे सदर खरड़ थाना पुलिस की टीम सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंची थी। जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने लगी, वहां मौजूद कुछ युवकों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
आरोप है कि युवकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान एक पत्थर सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के माथे पर लगा, जिससे वह घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों व आरोपियों के बीच हाथापाई भी हुई। झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई। घायल सब-इंस्पेक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
डीएसपी करण सिंह संधू ने बताया कि इस मामले में दाऊं गांव निवासी गुरकीरत सिंह और अल्लाहपुर निवासी दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।