चंडीगढ़। बिना अनुमति हुक्का परोसने पर पुलिस ने बीती बुधवार रात सेक्टर-9 स्थित पाइप एंड बैरल क्लब के सहायक प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने नयागांव की जनता कॉलोनी निवासी दीपक (32) के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि शहर के क्लबों व डिस्कोथेक में हुक्का परोसे जाने पर पुलिस सख्त है और लगातार प्रबंधक और मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
हुक्का की वजह से कोरोना फैलने की आशंका के चलते डीसी की ओर से क्लबों में इसे परोसे जाने पर रोक लगा दी गई है। बावजूद इसके क्लबों में ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा है। सेक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम बुधवार रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम सेक्टर-9 स्थित पाइप एंड बैरल क्लब पहुंची। यहां युवक और युवतियां हुक्के का सेवन कर रहे थे। इसके बाद पुलिस नेएक हुक्के को कब्जे में लेकर क्लब के सहायक प्रबंधक दीपक से पूछताछ की। हुक्का परोसने की अनुमति का कोई आदेश पत्र नहीं होने पर पुलिस ने दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया, हालांकि बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।
इन क्लबों पर हो चुकी है कार्रवाई
बता दें कि एसएसपी कुलदीप चहल के आदेशों पर पुलिस अभी तक नौ क्लबों पर कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने क्लब में हुक्का परोसने पर सेक्टर 26 के रिफ बार क्लब, बुलेवार्ड क्लब और मोब क्लब, इंडस्ट्रियल एरिया स्थित तमजारा क्लब, सेक्टर 9 स्थित स्को बार, सेक्टर 9 स्थित बूम बॉक्स, सेक्टर 26 बारगेन बूज क्लब, औद्योगिक क्षेत्र प्लेबॉय क्लब के अलावा सेक्टर-9 के पाइप एंड बैरल क्लब के प्रबंधकों व मालिक के खिलाफ कार्रवाई की है।