नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरु की, तो सबके चालान होने शुरु हुए। इसमें एक पुलिस कर्मी की गाड़ी की चालान की बारी आई, तो जो हुआ उससे सबके हाथ पांव फूल गए। लुधियाना में पुलिस कमिश्नर दफ्तर की ओर जाने वाली सड़क पर नो पार्किंग जोन में लोगों ने गाड़ियां खड़ी कर रास्ता ब्लॉक कर दिया, जिसमें पुलिस वालों की गाड़ियां भी थी। दफ्तर जाते समय सीपी ने यह देखा तो तुरंत ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि पुलिस मुलाजिम हों या आम नागरिक सभी के काटो चालान। इसके बाद मौके पर पहुंचे एएसआई अश्विनी कुमार ने गाड़ियों के चालान काट कर टो करवाना शुरू कर दिया।
चालान काटने के लेकर हुई मामूली बहस के बाद दिल का दौरा पड़ने से पुलिस मुलाजिम सुरेश कुमार मंगलवार को बेहोश हो गया था। उसे डीएमसी अस्पताल भर्ती करवाया गया था। वहां देर रात उसकी मौत हो गई। दरअसल, सुरेश कुमार को हार्ट की समस्या थी। तीन साल पहले भी उसे दिल का दौरा पड़ चुका था। उस वक्त सुरेश कुमार एक अधिकारी के साथ ड्यूटी पर था। हालांकि, उस समय डाक्टरों ने उसे बचा लिया था। इस बार उसकी हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।