चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र परिषद चुनाव को लेकर एसैप ने एबीवीपी समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अंकित बिधान की चुनावी पात्रता पर सवाल उठाए हैं। एसैप उम्मीदवार आदिल बराड़ ने कुलपति, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, रिटर्निंग ऑफिसर, रजिस्ट्रार और शिकायत निवारण सेल को शिकायत देकर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की मांग की है। आरोप लगाया गया कि अंकित को पूर्व में परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल के मामले में दो साल के लिए डिबार किया गया था। एसैप ने दाखिले के समय जमा दस्तावेजों की भी जांच की मांग की। संगठन ने लिंगदोह समिति की सिफारिशों के तहत पात्रता जांच और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की।