पंजाब भाजपा की चुनाव समिति ने राष्ट्रीय महासचिव अरुण जेटली को अमृतसर लोकसभा सीट से लड़ाने पर मुहर लगा दी है।
वीरवार को भाजपा कार्यालय में प्रदेश प्रधान कमल शर्मा की अध्यक्षता में हुई समिति की मीटिंग में एक मत से यह प्रस्ताव पास कर दिया गया।
चुनाव समिति के सदस्यों ने कहा कि जेटली जैसे राष्ट्रीय नेता को अमृतसर से लड़ाने के कई फायदे होंगे। मौजूदा सांसद नवजोत सिद्धू भी उनके नाम पर सहमत हैं।
अमृतसर सीट तो आसानी से निकल ही जाएगी। जेटली के लड़ने से पंजाब की दो अन्य सीटों के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत की सीटों पर भाजपा को फायदा मिलेगा।
इसलिए जेटली को अमृतसर से ही लड़ाया जाए। मीटिंग के दौरान भाजपा के कोटे की तीनों संसदीय सीटों अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर से संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा की गई।
इस दौरान तीनों लोकसभा सीटों से संभावित उम्मीदवारों के पैनल पर भी मुहर लगा दी गई। मीटिंग में पंजाब प्रभारी शांता कुमार, सह-प्रभारी शाम जाजू और विधायक दल के नेता भगत चुन्नी लाल मौजूद नहीं थे।