चंडीगढ़। कप्तान अर्जुन आजाद के ताबड़तोड़ 52 गेंदों पर 90 रन की बदौलत यूटीसीए टी-20 क्रिकेट डोमेस्टिक लीग के मुकाबले में लेजर जोन ने टैरेस जोन को 52 रन से हरा दिया। सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में ओपनिंग करने उतरे अर्जुन आजाद और तुषार जोशी की जोड़ी ने पहले सात ओवर में 70 रन की साझेदारी कर डाली। टैरेस जोन को पहली सफलता तुषार (23) के रूप में मिली। इसके बाद गौरव पुरी (3) ने भी अपना विकेट गंवाया। अर्जुन ने सूर्य नारायण के साथ 67 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके बाद 16वें ओवर पर अर्जुन आउट हुए। अर्पित पन्नू (10), अश्विन मुरुगन (13), मयंक सिद्धू (11) और नाबाद हार्दिक चौधरी (7) के सहयोग से लेजर जोन ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। गेंदबाजी में मनदीप सिंह और रविंद्रपाल सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी टैरेस जोन की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज तरनप्रीत (0) के जल्द आउट होने के बाद टीम चार विकेट के नुकसान पर 45 रन पर संघर्ष करती नजर आई। इसी बीच अश्विनी मुरुगन ने गेंद संभाली और अपने तीन ओवरों में तीन बल्लेबाजों - चैतन्य शर्मा (1), अमृत लुबाना (21) और निखिल शर्मा (0) को आउट कर विपक्षी टीम को बैकफुट पा खड़ा कर दिया। निपुण शारदा (14), आर्यन दुग्गल (5), रविंद्रपाल सिंह (8) और मनदीप सिंह (5) भी सस्ते में आउट हो गए। कप्तान भागमेंदर लादेर ने 36 रन बनाए। शानदार पारी के लिए अर्जुन आजाद को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
सुखना जोन ने प्लाजा जोन को हराया
सुबह खेले रोमांचक मुकाबले में सुखना जोन ने प्लाजा जोन को पांच विकेट से हराया। प्लाजा जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। जगमीत सिंह ने 73 और गुतांश वीर सिंह ने 47 रन बनाए। गेंदबाजी में अमित शुक्ला ने सर्वाधिक दो विकेट लिए। जवाब में कप्तान अर्सलन खान ने 26 गेंदों पर 37 रन की पारी खेली। प्रदीप यादव ने 25, संयम सैनी ने 15 और सागर सराहन ने नाबाद 54 रन बनाए। टीम ने पांच गेंदें शेष रहते हुए दिए लक्ष्य को पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। गेंदबाजी में हरतेजस्वी कपूर ने दो विकेट चटकाए। सराहन को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।