पति ने नेत्रहीन नानी की समस्या देखी तो दिव्यांगों की सेवा करने की ठानी। पति के इस जुनून को देख सुमन शर्मा ने न केवल शादी के बाद स्नातक, स्नातकोत्तर के अलावा विशेष बीएड की बल्कि दिव्यांग बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा के लिए एक निजी स्कूल ही खोल दिया। जहां फिलहाल 50 दिव्यांग बच्चे पढ़ाई कर रहे है। पत्नी का इस कार्य में शिक्षक विजय शर्मा ने भी सहयोग किया। हम बात कर रहे है आस्था स्पेशल स्कूल की संचालिका एवं प्रिंसिपल सुमन शर्मा की।
सुमन शर्मा की भिवानी वासी शिक्षक विजय शर्मा से शादी हुई। उस समय वह महज 10वीं तक पढ़ी थी। उनके पति विजय शर्मा शुरूआत से ही दिव्यांग बच्चों के लिए काम करते थे। वह बाढड़ा के एक सरकारी स्कूल में विशेष शिक्षक है। पति से प्रेरित होकर सुमन ने भी दिव्यांग बच्चों के लिए कुछ विशेष करने की ठानी। इसी कड़ी में शादी के बाद पढ़ाई शुरू की।।
दिव्यांग बच्चों की पढ़ाने के लिए विशेष बीएड की
स्कूली पढ़ाई के अलावा स्नातक, स्नातकोत्तर की और फिर दिव्यांग बच्चों की पढ़ाई के लिए विशेष बीएड की। पति के समक्ष दिव्यांग बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा के लिए स्कूल खोलने की इच्छा जताई तो विजय शर्मा कुछ सामाजिक संगठनों से संपर्क साधा। जिसके बाद फ्रेंड्स कॉलोनी में कम्यूनिटी सेंटर की जगह बच्चों को पढ़ाने के लिए मिल गई। पिछले दिनों समाजसेवी शिवनारायण शास्त्री ने भू-खंड मुहैया कराया तो अब नेताजी नगर में खुद का ही स्कूल बना लिया। जहां फिलहाल 50 बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इनमें 10 नेत्रहीन है।