शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा है कि पीजीटी हिंदी के पुरुष टीचरों की नियुक्ति जल्द कर दी जाएगी। वे शुक्रवार को अपने दफ्तर में पत्रकारों से बात कर रही थीं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पीजीटी टीचरों की नियुक्ति के लिए कुछ तकनीकी कारणों से देरी होती रही। पहले आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई। अब चुनाव आयोग से मंजूरी मिली है तो कागजों की वेरीफिकेशन जरूरी थी।
अब सारी प्रक्रियाएं पूरी हो गई हैं। दो-तीन दिन के भीतर हिंदी पीजीटी टीचरों को नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग करवा दी जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा स्कूल एजूकेशन रूल्स की धारा 134ए के तहत तीसरी से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में दाखिला देने से पहले 11 मई को लर्निंग लेवल असेसमेंट टेस्ट जरूर होगा।
वैसे भी नियम के अनुसार मेरिट आधार पर यह दाखिला दिया जाना है। मगर असेसमेंट टेस्ट का मतलब यह नहीं है कि बच्चों को दाखिला नहीं दिया जाएगा। यह टेस्ट सिर्फ इसलिए है ताकि बच्चों को लेवल पता चल सके।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में उन बच्चों को दाखिला दिया जा रहा है जिनका पहली और दूसरी कक्षा के लिए ड्रा निकल चुका है। इसके लिए खंड, जिला स्तर पर कमेटियां गठित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने गरीब परिवारों के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में दाखिला देने पर कोई रोक नहीं लगाई है। सिर्फ यह कहा है कि अगर स्कूल संचालक दाखिला नहीं देते तो सरकार उन पर कानूनी कार्रवाई की सख्ती न करे।