शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थी सोमवार से शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभाग 12 विषयों में टीजीटी के 303 पदों पर स्थायी भर्ती करने जा रहा है। फॉर्म विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। केवल ऑनलाइन माध्यम से ही भरा जा सकता है।
बता दें कि आवेदन की आखिरी तारीख 18 मार्च है। 54 पदों के साथ टीजीटी भर्ती में सबसे अधिक सीटें फाइन आर्ट्स विषय की हैं। विज्ञान नॉन मेडिकल की 48, डीपीई की 35, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान की 24-24 सीटें हैं। इसके अलावा 26 विज्ञान मेडिकल, 14 अंग्रेजी, 17 हिंदी, 19 गृह विज्ञान, आठ गणित, 15 संगीत और 19 पंजाबी विषय की सीटें हैं। भर्ती में एससी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए सीटें आरक्षित हैं। 150 अंक के बहुविकल्पीय प्रश्नों के पेपर के जरिये अभ्यर्थियों का भर्ती के लिए चयन किया जाएगा। पेपर में दो खंड रहेंगे। पहले खंड में सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे जाएंगे और दूसरे खंड में विषय संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
आवेदन की तारीख समाप्त होने के बाद विभाग सफलतापूर्वक आवेदन करने वालों की सूची जारी करेगा और प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध करवाएगा। निर्धारित तिथि को परीक्षा ली जाएगी और उत्तर कुंजी जारी की जाएगी। इस पर अभ्यर्थी आपत्ति जता सकते हैं। लिखित परीक्षा में आए अभ्यर्थियों के अंकों को विभाग वेबसाइट पर अपलोड करेगा। दो अभ्यर्थियों के समान अंक आने पर जिसके बीएड में अधिक अंक होंगे उसे चुना जाएगा। बीएड में भी समान अंक होने पर अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को मौका दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन करने के लिए बुलाया जाएगा और श्रेणी अनुसार भर्ती की जाएगी। अंतिम मेरिट सूची अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों, पात्रता मानदंड और आईसीटी कौशल को जांचने के बाद जारी की जाएगी।
महत्वपूर्ण जानकारी
1. भर्ती में किन्हें आरक्षण प्राप्त
- एससी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए, ईएसएम और पीडब्ल्यूडी का होगा हॉरिजॉन्टल आरक्षण
2. भर्ती के लिए कौन योग्य
- संबंधित विषय में 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना, बीएड डिग्री और सीटेट परीक्षा में पास होना
3. भर्ती के लिए आयु सीमा क्या है
- एक जनवरी 2024 तक 21 से 37 साल तक सभी आवेदन कर सकते हैं।
4. आवेदन करने की आखिरी तारीख
- 18 मार्च 2024
5. पंजीकरण शुल्क भरने की आखिरी तारीख
- 21 मार्च 2024
6. चयन प्रक्रिया क्या है
- 150 अंक के बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र के आधार पर तैयार होगी मेरिट सूची। न्यूनतम पासिंग मार्क्स 40 प्रतिशत है।