चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंसेज (यूआईएएमएस) के एमबीए कोर्स में दाखिला के लिए मैनेजमेंट एंट्रेस टेस्ट (मीट)-2022 के आवेदन शुरू कर दिए हैं। आवेदन करने की आखिरी तिथि 5 अप्रैल है। मीट के जरिए यूआईपीएस के एमबीए कोर्स रिटेल मैनेजमेंट, बैंकिंग एंड इंश्योरेंस मैनेजमेंट, कैपिटल मार्केट्स, आईटी एंड टेलिकम्युनिकेशन मैनेजमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चरल मैनेजमेंट, फार्मास्यूटिकल मैनेजमेंट और हॉस्पिटल मैनेजमेंट में दाखिला दिया जाएगा।
पीयू मीट की वेबसाइट https://met.puchd.ac.in/ पर नोटिस, प्रॉस्पेक्टस और जरूरी तारीखों की जानकारी जारी की गई है। पीयू मीट-2022 की परीक्षा 23 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तारीख 5 अप्रैल, ऑनलाइन और ऑफलाइन फीस जमा करने की अंतिम तारीख 11 अप्रैल, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर और अन्य जानकारी अपलोड करने की अंतिम तारीख 13 अप्रैल है। एंट्रेस टेस्ट के लिए केंद्र चंडीगढ़ में रहेगा। एंट्रेस टेस्ट की फीस सामान्य कोटे के लिए 2175 रुपये और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी कोटे के लिए फीस 1087 रुपये रहेगी।
लिखित टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के आधार पर दाखिला
मीट परीक्षा में एंट्रेस टेस्ट की वेटेज 85 प्रतिशत, ग्रुप डिस्कशन की 7.5 प्रतिशत और इंटरव्यू की 7.5 प्रतिशत है। लिखित परीक्षा में वैकल्पिक प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें सामान्य ज्ञान, इकॉनोमिक्स एंड बिजनेस इन्वायरनमेंट, डाटा इंटरप्रेटेशन एंड प्रॉब्लम सोल्विंग, न्यूमिरक्ल एबिलिटी, रिजनिंग और अंग्रेजी के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा ऑफलाइन माध्यम में दो घंटे की होगी। पेपर में निगेटिव मार्किंग भी होगी। ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू मई के दूसरे या तीसरे सप्ताह में पीयू के यूआईपीएस विभाग में ही आयोजित किए जाएंगे।