जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड और निरीक्षण समिति के तीन पदों के लिए आवेदन मांगे
सोशल वर्कर के दो और समिति के एक सदस्य का होगा चयन, 25 नवंबर शाम पांच बजे तक कर सकेंगे आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन के समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग ने जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड और निरीक्षण समिति में तीन पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। इनमें बोर्ड के सदस्य के दो और निरीक्षण समिति के एक पद पर चयन होगा। जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के लिए आवेदक की आयु 35 से 65 वर्ष होनी चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य या कल्याण के क्षेत्र में बच्चों के साथ कम से कम सात साल का अनुभव जरूरी है। बाल मनोविज्ञान, मनोचिकित्सा, समाजशास्त्र या कानून में डिग्री प्राप्त प्रैक्टिसिंग प्रोफेशनल भी आवेदन कर सकते हैं। निरीक्षण समिति के लिए बच्चों के अधिकारों और संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता या स्वैच्छिक संगठनों के सदस्य पात्र होंगे। इच्छुक उम्मीदवार 25 नवंबर शाम पांच बजे तक आयु, योग्यता और अनुभव के दस्तावेजों सहित आवेदन निदेशक, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, टाउन हॉल एक्सटेंशन बिल्डिंग, तीसरी मंजिल, सेक्टर-17सी, चंडीगढ़ में जमा करवा सकते हैं।